मेरे लैब में एक पेनड्राइव पर यह नाम मिला था: final_final2_really_last.docx। फोन पर Word खुलता नहीं, घर का नेट जाता रहता है, और ग्रुप में चार कॉपियां घूमती हैं। Docs इसी झंझट के लिए है। मैं यहां सारे मेन्यू नहीं गिनाऊंगा। जो चीजें असाइनमेंट में फंसाती हैं, वही लिख रहा हूं।
शीर्षक सबसे पहले
New से Docs खोलते ही Untitled हटाओ। कोर्स, नंबर, अपना नाम। बाद में सर्च में Untitled की कब्रगाह मिलती है। फॉन्ट 11–12, शीर्षक मोटा, हाशिए साधारण — टीचर प्रिंट करेंगे तो सजावट काम नहीं आती। वेब से पैराग्राफ चिपकाओ तो विज्ञापन के निशान साथ आते हैं। Paste without formatting सीख लो, दो क्लिक की बात है।
हिंदी PDF में टूटे अक्षर दिखें तो फॉन्ट बदलो, क्रुतिदेव वाली पुरानी आदत आज पोर्टल पर अटकती है। टाइपिंग अलग कौशल है, वो यहां लिखा है। घर का नेट कमजोर हो तो Chrome में ऑफलाइन Docs एक बार ऑनलाइन रहकर चालू कर लेना — परीक्षा हॉल के लिए नहीं, रात के कटने के लिए।
लिंक फेंकने से पहले
Share पर असल में दो सवाल हैं: किसे, और वो क्या कर सकता है। ग्रुप में सबको Editor देना आलस है। एक आदमी काट दे तो आधा पाठ गया। मैं आमतौर पर कहता हूं: एक मुख्य संपादक, बाकी कमेंट, जमा से एक रात पहले बाकी को भी एडिट। शिक्षक को अक्सर देखने भर की अनुमति काफी होती है।
Anyone with the link तब तक मत खोलना जब तक उन्होंने सार्वजनिक न कहा हो। डायरी, आधार स्कैन, अधूरा सर्वे — ये लिंक लीक होते हैं। व्हाट्सऐप पर लिंक भेजने से पहले अनुमति देखो। नंबर अंदर लिखे हों तो Viewer भी काफी नुकसान कर सकता है। कमेंट में काम लिखो, “देख लेना” चैट में लिखने से फाइल नहीं बढ़ती। Suggesting मोड झगड़ा कम करता है।
जो चार चीजें रोज खुलती हैं
Heading 1/2 लगाओ, सिर्फ बोल्ड नहीं — बाईं तरफ रूपरेखा बन जाती है। Version history से पुराना पैराग्राफ वापस आता है; मैं ड्राफ्ट का नाम तारीख के साथ रख देता हूं। संदर्भ का स्टाइल टीचर से पूछो, लिंक बिना स्रोत के मत चिपकाओ। स्क्रीन पर pageless आरामदायक है, जमा PDF के लिए पेज लेआउट। क्लिपआर्ट शिक्षक को नहीं चाहिए।
जमा करते समय
पोर्टल PDF मांगे तो Download से PDF निकालो और खुद खोलकर देखो। Classroom हो तो निर्देश पढ़ो, कभी Docs सीधा लगता है। मेल से भेजना हो तो फाइल नाम ईमेल वाले पेज जैसा रखो। दूसरे के Docs का लिंक अपना बताना चोरी है। मशीन से पैराग्राफ चिपकाना कई जगहों पर अब पकड़ा जाता है। वो बहस AI वाले लेख में है।
Word मांगा हो तो Docs से .docx निकाल सकते हो, फॉर्मेट थोड़ा खिसक सकता है इसलिए अंतिम फाइल जरूर खोलो। लंबा निबंध फोन पर मत लिखना; चयन गलती से उड़ जाता है। शिक्षक को एडिटर बनाओगे तो इतिहास भी दिख सकता है — निजी ड्राफ्ट अलग रखो।